एमपी में मानसून की एंट्री, बड़वानी, खरगोन के रास्ते पहुंचा:भोपाल, इंदौर समेत कई जिलों में तेज बारिश; इस बार 106% बारिश का अनुमान

India369_Team

मध्यप्रदेश में सोमवार दोपहर बाद मानसून ने प्रदेश में दस्तक दे दी। मानसून बड़वानी, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर के रास्ते प्रदेश में पहुंचा। इस बार मानसून 1 दिन लेट हो गया। पिछली बार 6 दिन की देरी से 21 जून को आया था। प्रदेश में मानसून के प्रवेश की सामान्य तारीख 15 जून है। चूंकि, इस बार देश में मानसून 8 दिन पहले ही आ गया था। इसलिए संभावना थी कि एमपी में यह जून के पहले सप्ताह में ही आ जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। महाराष्ट्र में एक ही जगह पर मानसून ठहरा रहा। इस वजह से यह आगे नहीं बढ़ा। दो-तीन दिन से मानसून की गतिविधियां फिर बढ़ी। इसके बाद आज यह प्रदेश में छा गया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने जून से सितंबर यानी चार महीने तक प्रदेश में 104 से 106% तक बारिश होने का अनुमान जताया है। यानी, इस बार प्रदेश में 40 इंच या इससे अधिक पानी गिर सकता है। 27 मई को मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया था। भोपाल समेत कई जिलों में तेज बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को 9 घंटे में छतरपुर जिले के नौगांव में सबसे ज्यादा सवा इंच पानी गिर गया। रीवा में भी 1 इंच से ज्यादा बारिश हुई। मंडला में आधा इंच बरसात हुई। धार, गुना, रतलाम, सागर, सतना, बालाघाट, खंडवा, बड़वानी, टीकमगढ़, अशोकनगर, हरदा में भी बारिश का दौर चला। भोपाल में शाम को मौसम बदल गया। कुछ जगहों पर बूंदाबांदी भी हुई। मानसून की तस्वीरें बारिश के चलते तापमान गिरा
बारिश के चलते दिन के तापमान में खासी गिरावट हुई है। सोमवार को सिर्फ एक शहर नर्मदापुरम में पारा 40.2 डिग्री दर्ज किया। बाकी शहरों में तापमान 40 डिग्री से नीचे ही रहा। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 37.5 डिग्री, इंदौर में 34.6 डिग्री, ग्वालियर में 37 डिग्री, उज्जैन-जबलपुर में 38 डिग्री सेल्सियस रहा। पचमढ़ी में सबसे कम 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सिंगरौली में बिजली गिरने से दो की मौत
सिंगरौली के देवसर में सोमवार शाम बिजली गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई। दिनभर तेज धूप के बाद शाम तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। जियावान थाना प्रभारी कपूर त्रिपाठी ने बताया कि गुड़गांव में 65 वर्षीय महिला चपेट में आ गई। सुपेला गांव की रहने वाली अंतिम निशा की भी जंगल से लकड़ी बेचकर लौटते समय बिजली गिरने से मौत हो गई। देश में 8 दिन पहले पहुंचा था मानसून
इससे पहले मानसून ने देश में भी 8 दिन पहले दस्तक दी थी। वहीं, 26 मई को मानसून महाराष्ट्र के मुंबई, पुणे समेत कई शहरों में 15 दिन पहले ही पहुंच गया था, जबकि यहां मानसून आने की सामान्य तारीख 10 जून तक है। हालांकि, इसके बाद मानसून एक ही जगह पर ठहर गया था। इस वजह से मध्यप्रदेश में आने में ज्यादा दिन लग गए। पहले मौसम विभाग ने 4 जून तक मानसून की एंट्री की संभावना जताई थी। एमपी में मानसून के एंटर होने की सामान्य तारीख 15 जून है। साल 2024 में यह 6 दिन लेट हो गया था। इन जिलों से होती है मानसून की एंट्री
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के दक्षिणी हिस्से यानी मंडला, सिवनी, डिंडौरी, बालाघाट, अनूपपुर, बुरहानपुर, पांढुर्णा, बैतूल, बड़वानी के रास्ते से मानसून की हर साल दस्तक होती है। वहीं, ग्वालियर-चंबल में सबसे लेट पहुंचता है। साल 2024 की बात करें तो मानसून ने पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर जिले में प्रवेश किया था। बारिश के सामान्य से बेहतर रहने की उम्मीद
प्रदेश में इस बार मानसून के सामान्य से बेहतर रहने की उम्मीद जताई जा रही है। अनुमान के मुताबिक 104 से 106% यानी औसत 39-40 इंच बारिश हो सकती है। जबलपुर, सागर-शहडोल संभाग में सबसे ज्यादा पानी गिरेगा। ग्वालियर, चंबल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम, रीवा और भोपाल संभाग में भी कोटा फुल हो जाएगा। साल 2024 में औसत 44.1 इंच बारिश हुई थी। भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर समेत 44 जिलों में कोटे से ज्यादा बारिश हुई थी। नतीजा ये रहा है कि सोयाबीन का उत्पादन प्रति हेक्टेयर 2 क्विंटल तक बढ़ गया था। वहीं, गेहूं-चने के लिए भी पानी पर्याप्त गिरा था। इससे पहले साल 2023 में प्रदेश के 25 से ज्यादा जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई थी। इन जिलों में अच्छी बारिश होने की उम्मीद
मौसम विभाग ने प्रदेश के ज्यादातर जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश होने का अनुमान जताया है। जबलपुर, शहडोल संभाग में सबसे अधिक पानी गिरने की उम्मीद है। वहीं, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम, ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभाग के ज्यादातर जिलों में डेढ़ सौ फीसदी तक पानी गिर सकता है। उत्तरप्रदेश बॉर्डर से लगे कुछ जिलों में सामान्य बारिश के भी आसार हैं। 2017 में सबसे कम, 2019 में जमकर बारिश हुई
पिछले 10 साल के बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो साल 2017 में सबसे कम बारिश हुई थी। प्रदेश की सामान्य बारिश औसत 37.3 इंच है। इसके मुकाबले औसत 29.9 इंच बारिश हुई थी। साल 2015 में 32.4 इंच, 2018 में 34.3 इंच बारिश दर्ज की गई थी। सबसे ज्यादा पानी साल 2019 में 53 इंच हुई थी। 2021 और 2023 में सामान्य से थोड़ी ही कम बारिश हुई थी। इस तरह कह सकते हैं कि पिछले 6 साल से प्रदेश में अच्छी बरसात हो रही है। अगर मौसम विभाग का इस साल का अनुमान सटीक बैठता है तो लगातार 7वें साल प्रदेश में सामान्य से ज्यादा बारिश होगी।
source

Share This Article
Leave a Comment