जर्मनी में एमबीए कर रहा 23 वर्षीय युवक लापता, परिवार ने मदद के लिए मुख्यमंत्री से गुहार लगाई

India369_Team

जर्मनी की एक झील में लापता हुए 23 वर्षीय युवक के परिवार ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और मंत्री राजेश धर्माणी से गुहार लगायी कि वह हरसंभव मदद के लिए जर्मन सरकार से संपर्क करने की विदेश मंत्रालय से अपील करें।

बिलासपुर जिले के कंदरौर कस्वा क्षेत्र के रहने वाले आर्यन 2024 से जर्मनी के म्यूनिख में एमबीए की पढ़ाई कर रहे थे।
आर्यन के पिता विचित्र सिंह चंदेल ने बताया कि उन्हें रविवार रात करीब 10 बजे सूचना मिली कि उनका बेटा लापता हो गया है।

उन्हें बताया गया कि उस दिन दोपहर करीब 1:30 बजे आर्यन झील में तैरने गया था, जहां उसके डूब जाने की आशंका है।
जर्मनी में रहने वाले उनके परिचितों के अनुसार आर्यन एक कुशल तैराक था, लेकिन उसके डूबने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

हालांकि अभी तक न तो उसका शव मिला है और न ही उसके बारे में कोई सुराग मिला है।
माता-पिता ने बताया कि जब से यह खबर आई है, वे बहुत दुखी हैं, क्योंकि आर्यन उनका इकलौता बेटा है।

चंदेल ने बताया कि चार दिन पहले फादर्स डे के दिन जब आर्यन अपने दोस्तों के साथ झील के किनारे घूमने गया था तब उसने उन्हें फोन किया था। उसने अपने चाचा को भी फोन करके उस दिन की शुभकामनाएं दी थीं।
संपर्क करने पर एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि लापता छात्र को ढूंढने के प्रयास जारी हैं और इस संबंध में विदेश मंत्रालय की मदद ली जा रही है।

source

Share This Article
Leave a Comment